झारखंड में सर्दी की दस्तक: रांची सहित पूरे राज्य में आज शुष्क मौसम, कुहासा और कनकनी का कहर
रांची : झारखंड में सर्दी ने अब पूरी तरह से दहलीज पर दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र के अनुसार, आज (7 नवंबर) पूरे राज्य में शुष्क मौसम का राज रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह-सुबह कुहासा और कनकनी लोगों को ठिठुरन महसूस कराएगी। न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 से 20 नवंबर तक झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जो 7-16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है, जबकि दिन का तापमान 22-31 डिग्री के बीच रहेगा। यह मौसम राज्य के किसानों और यात्रियों के लिए राहत तो है, लेकिन सर्द हवाओं के कारण स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतना जरूरी हो गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर में औसतन केवल 1 दिन बारिश हो सकती है, लेकिन इस बार सर्दी की शुरुआत तेज हो गई है। ह्यूमिडिटी 70% के आसपास रहेगी, जो कुहासे को बढ़ावा देगी।
















