सिमडेगा की पहलवानों ने झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में रचा इतिहास: सरस्वती को स्वर्ण, प्रीति और होलिका को कांस्य
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : हरिहरगंज पलामू में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में सिमडेगा जिले की तीन महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। सरस्वती कुमारी ने 65 किलोग्राम वजन वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंशु प्रीति कुमारी ने 43 किलोग्राम और होलिका कुमारी ने 46 किलोग्राम वजन वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
तीनों विजेता खिलाड़ी सिमडेगा जिले के कुरडेग प्रखंड से हैं। प्रतियोगिता में सिमडेगा जिले से कुल 10 पहलवान और कोच संजय ठाकुर ने भाग लिया था। जिला कुश्ती संघ द्वारा कुरडेग में आयोजित चयन ट्रायल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदारी का अवसर मिला।
पदक विजेताओं के इस उपलब्धि पर जिला कुश्ती संघ के सभी पदाधिकारियों ने हार्दिक बधाई दी है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन खिलाड़ियों की मेहनत और लगन ने न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य में सिमडेगा की प्रतिभा को उजागर किया है।
यह उपलब्धि सिमडेगा के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण है और आने वाले समय में जिले से और अधिक प्रतिभाशाली पहलवान सामने आने की उम्मीद जगाती है।

















