अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति कलश-चरणपादुका स्थापना दिवस एवं आदिगुरु भगवान दत्तात्रेय जयंती पर दो दिवसीय भव्य आयोजन
रांची : श्री सर्वेश्वरी समूह की रांची शाखा औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ में परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति कलश एवं चरणपादुका स्थापना दिवस के साथ-साथ आदिगुरु भगवान दत्तात्रेय जयंती के पावन अवसर पर दो दिवसीय आध्यात्मिक-सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
प्रथम दिवस (04 दिसम्बर 2025, गुरुवार)
कार्यक्रम का शुभारंभ नारायणपुर (छत्तीसगढ़) से पधारे पूज्य उत्साही राम जी महाराज के कर-कमलों द्वारा परमपूज्य अघोरेश्वर स्मृति स्थल पर आरती-पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात् “अघोरान्ना परो मंत्रः नास्ति तत्त्वं गुरौ परम” महामंत्र का अष्टयाम अखण्ड संकीर्तन प्रारम्भ किया गया, जो 24 घंटे तक निरन्तर चलेगा और कल प्रातः 9 बजे विधिवत् समापन होगा।
दिन में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक निःशुल्क चिकित्सा एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 206 जरूरतमन्द रोगियों को अनुभवी चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयाँ वितरित की गईं। चिकित्सकों की टीम में डॉ. एस. एन. सिन्हा, डॉ. रंजन नारायण, डॉ. शंकर रंजन, डॉ. रोहित सिंह, डॉ. उत्पल कुमार, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. स्मृति कुमारी शामिल रहे।
एल्केम लैबोरेट्रीज के सहयोग से शिविर में निःशुल्क रक्त जाँच सुविधा भी उपलब्ध करायी गई, जिसमें ब्लड शुगर, हिमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड आदि जाँच आदि का लाभ सैकड़ों लोगों ने उठाया।
द्वितीय दिवस (05 दिसम्बर 2025, शुक्रवार)
कल प्रातः 9 बजे अखण्ड संकीर्तन का समापन होगा, तत्पश्चात् लघु गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 10 बजे नगर भ्रमण कर जरूरतमन्दों एवं फुटपाथ पर रहने वाले लोगों में कम्बल वितरण कर दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन होगा।
कार्यक्रम में जमशेदपुर, गुमला, घाघरा, धनबाद सहित देश की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए तथा सेवा एवं भक्ति में सहभागी बने। श्री सर्वेश्वरी समूह की यह पहल आध्यात्मिक जागरण के साथ-साथ समाज के वंचित वर्ग तक निःस्वार्थ सेवा पहुँचाने का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।


















