सिमडेगा: 41 करोड़ से अधिक की लावारिस राशि मालिकों को लौटाने हेतु ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान शुरू

सिमडेगा: 41 करोड़ से अधिक की लावारिस राशि मालिकों को लौटाने हेतु ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान शुरू

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं में वर्षों से लावारिस पड़ी करोड़ों रुपये की राशि को असली हकदारों तक पहुँचाने के लिए भारत सरकार एवं भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के संयुक्त अभियान ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ के तहत सिमडेगा जिले में विशेष कार्यक्रम का आयोजन नगर भवन में किया गया।

आरबीआई के प्रतिनिधियों ने बताया कि सिमडेगा जिले में ही विभिन्न बैंकों, बीमा पॉलिसी, डिविडेंड, शेयर, म्यूचुअल फंड एवं पेंशन आदि में 41 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बिना दावे के पड़ी हुई है। उन्होंने सभी बैंकों को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे सभी अदावाकृत (Unclaimed) खातों एवं निवेशों की पहचान कर शीघ्र पात्र लाभार्थियों तक सूचना पहुँचाई जाए और राशि लौटाने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। कार्यक्रम में मौके पर ही कई लाभार्थियों को उनकी लंबे समय से लावारिस पड़ी राशि के चेक एवं दस्तावेज सौंपे गए।

उपायुक्त कंचन सिंह ने जिलेवासियों से अपील की कि यदि आपका या आपके परिवार का कोई भी पैसा किसी बैंक, पोस्ट ऑफिस, बीमा कंपनी, म्यूचुअल फंड या शेयर में वर्षों से जमा है और उस पर कोई दावा नहीं किया गया है, तो तुरंत संबंधित संस्था से संपर्क करें और अपना हकदारी के दस्तावेज जमा कर अपनी पूंजी वापस प्राप्त करें। उन्होंने कहा, “यह आपकी मेहनत की कमाई है, आपका अधिकार है। इसे लावारिस न रहने दें।”

अभियान के तहत अब सभी बैंक शाखाएँ एवं वित्तीय संस्थान सक्रिय रूप से लोगों तक पहुँच रही हैं ताकि अधिक-से-अधिक राशि अपने असली मालिकों तक पहुँच सके।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow