लंबित छात्रवृत्ति के खिलाफ भाजयुमो का रांची में जोरदार प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका
रांची : झारखंड में पिछले दो वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति भुगतान के मुद्दे पर विरोध लगातार तेज हो रहा है। राज्य के लाखों छात्रों को पोस्ट-मैट्रिक और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति नहीं मिलने से परेशान छात्रों के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने आज रांची में बड़ा प्रदर्शन किया। इसके साथ ही मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा फीस में वृद्धि के खिलाफ भी कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक शव यात्रा निकाला। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि छात्र बेहद परेशान हैं, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। सरकार तकनीकी कारणों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि झारखंड में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति में लंबी देरी हो रही है। विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे को विधानसभा से सड़क तक उठा रहे हैं। हाल के दिनों में अन्य छात्र संगठनों ने भी इसी मुद्दे पर मार्च और प्रदर्शन किए हैं।
राज्य में ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से दी जाने वाली पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति में देरी से एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग के लाखों छात्र प्रभावित हैं। विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठा रहा है और सरकार पर केंद्र से फंड न मिलने का आरोप लगा रहा है, जबकि सत्तापक्ष केंद्र को दोषी ठहरा रहा है।

















