बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी का निधन, 90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी सास श्रीमती विद्यावती देवी का शुक्रवार शाम निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विद्यावती देवी को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण 47 दिन पहले पटना के इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आईजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की लगातार निगरानी और इलाज के बावजूद उनकी हालत बिगड़ती गई और शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
आज सुबह पटना के बांस घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं अपने पुत्र निशांत कुमार के साथ बांस घाट पहुंचे और सास को अंतिम विदाई दी। इस दौरान दोनों की आंखें नम दिखीं। उनके साथ बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे और अंतिम दर्शन किए।
मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर इस दुखद सूचना को साझा किया और अपनी नानी को भावुक श्रद्धांजलि दी। विद्यावती देवी के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी की गईं।
















