सिमडेगा: शीतलहर में मानवता की मिसाल बनीं उपायुक्त कंचन सिंह, देर रात जरूरतमंदों को बांटे कंबल
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : जिले में चल रही भीषण शीतलहर के बीच उपायुक्त कंचन सिंह ने मानवीय संवेदना की अनूठी मिसाल पेश की। देर रात खुद सड़कों पर उतरकर उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर ठंड से ठिठुर रहे गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों के बीच कंबल वितरित किए।
उपायुक्त अपने दल के साथ सदर अस्पताल, महावीर चौक, बस स्टैंड, मार्केट कॉम्प्लेक्स, गांधी मैदान सहित अन्य इलाकों में पहुंचीं और खुले आसमान के नीचे सो रहे जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए। सदर अस्पताल परिसर में उन्होंने मरीजों के परिजनों से मुलाकात की, उनकी कुशलक्षेम पूछी और कंबल भेंट किए।
इस मानवीय पहल से आमजन में राहत की लहर दौड़ गई और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता की सराहना हो रही है। उपायुक्त के इस कदम में करुणा और सेवा भाव स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा, “शीतलहर के दौरान किसी भी जरूरतमंद को ठंड से परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और निरंतर प्रयास कर रहा है।”
इस अवसर पर अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मक्सिमा लकड़ा, अंचलाधिकारी मो. इम्तियाज अहमद, सिटी मैनेजर आकाश डेविड सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

















