रांची में कड़ाके की ठंड से राहत: नगर निगम ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, आश्रय गृहों की व्यवस्था भी की

रांची में कड़ाके की ठंड से राहत: नगर निगम ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, आश्रय गृहों की व्यवस्था भी की

Author drishtinow | Edited by drishtinow
Updated: Mon, 29 Dec 2025 04:21 PM (IST)

रांची : राजधानी रांची में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड और शीतलहर से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, खासकर गरीब, असहाय और बेघर लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। इस स्थिति को देखते हुए रांची नगर निगम ने राहत कार्यों को तेज कर दिया है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए।

नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव खुद मौजूद रहे और जरूरतमंदों को अपने हाथों से कंबल सौंपे। उन्होंने कहा, “ठंड के इस कठिन मौसम में हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो। यह राहत अभियान ठंड समाप्त होने तक निरंतर चलता रहेगा।”

प्रशासक ने आगे बताया कि शहर में कुल 10 स्थानों पर आश्रय गृह (रैन बसेरा) तैयार किए गए हैं, जहां जरूरतमंद लोग रात गुजार सकते हैं और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा, सड़कों पर रहने वाले बेघर लोगों को खोजकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान भी चलाया जा रहा है। जरूरत को देखते हुए दो अतिरिक्त अस्थायी आश्रय गृह भी बनाए गए हैं।

इस अभियान में अपर प्रशासक संजय कुमार भी शामिल हुए और उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर राहत दिखी और उन्होंने नगर निगम तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow