जामताड़ा में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट और फायरिंग के खिलाफ व्यपारी एकजुट ; व्यापारियों ने विरोध में पूरा बाजार बंद
जामताड़ा में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट और फायरिंग के खिलाफ व्यपारी एकजुट ; व्यापारियों ने विरोध में पूरा बाजार बंद
जामताड़ा, 25 दिसंबर : झारखंड के जामताड़ा शहर में बुधवार (24 दिसंबर) देर शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। शहर के व्यस्त कायस्तपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लाखों रुपये की ज्वेलरी लूट ली और विरोध करने पर दुकान मालिक अमन वर्मा (या अमन बर्मन) को गोली मार दी। घायल दुकानदार को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दुर्गापुर मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार (25 दिसंबर) को जामताड़ा जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर पूरा बाजार बंद रखा। सुबह से ही सभी छोटी-बड़ी दुकानें बंद रहीं और बाजार क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। कुछ दुकानें खुलीं तो उन्हें भी बंद कराया गया।चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने घटना की कड़ी निंदा की और कहा, “अपराधियों ने हमारे दुकानदार भाइयों पर हमला किया है। एक व्यापारी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पुलिस प्रशासन की नाकामी से अपराधी बेखौफ हो गए हैं।” उन्होंने एसपी से 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो कल पूरा जामताड़ा जिला बंद होगा और परसों संथाल परगना में बंदी रहेगी।
व्यापारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्थानीय विधायक सह मंत्री इरफान अंसारी से मामले को गंभीरता से लेने और पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की।पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
जाहिर है की प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे तीन-चार बदमाश मोटरसाइकिल पर आए। बाजार में भारी भीड़ होने के बावजूद वे सीधे दुकान में घुसे, हथियार निकाले और फायरिंग शुरू कर दी। अफरा-तफरी के बीच बदमाशों ने काउंटर से सोने-चांदी के गहने समेटे और हवाई फायरिंग करते हुए कायस्तपाड़ा मोहल्ले की ओर फरार हो गए। गोली दुकानदार के पेट और गर्दन में लगी।


















