सिमडेगा में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के योग पुरुष और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती सिमडेगा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई। जिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल पार्क में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन भेंट किए, जबकि सभी मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में मंगल कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक ने अटल जी को दूरदर्शी व्यक्ति बताते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति के ऐसे नेता थे जो तीन बार प्रधानमंत्री बने और उनके नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षण ने भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उनका प्रसिद्ध कथन—“हम युद्ध नहीं चाहते, लेकिन शांति के लिए शक्ति आवश्यक है”—उनकी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है।
लक्ष्मण बड़ाईक ने आगे कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व दृढ़ता और संवेदनशीलता का अनोखा संगम था। वे कट्टर विरोधियों के भी प्रिय थे, क्योंकि वे संवाद और सहमति में विश्वास रखते थे। संसद में उनके भाषण आज भी लोकतंत्र की मर्यादाओं के आदर्श हैं। वे एक उत्कृष्ट कवि और लेखक भी थे, जिनकी कविताओं में राष्ट्रप्रेम और मानवीय संवेदना झलकती है। उनकी पंक्तियां—“हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा”—युवाओं को संघर्ष और आत्मविश्वास की प्रेरणा देती हैं।
अटल जी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान और स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना जैसे कार्यक्रमों से भारत के विकास की मजबूत नींव रखी। उनका सपना एक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर भारत का था। 16 अगस्त 2018 को उनके निधन से एक युग का अंत हुआ, लेकिन उनके विचार और आदर्श आज भी मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम में संयोजक मुकेश श्रीवास्तव, सहसंयोजक मार्गरेट बा, श्रद्धानंद बेसरा, दीपक पुरी, अनुप प्रसाद, राकेश रविकांत, संभु भगत, रामविलास बड़ाईक, दुर्गविजय सिंहदेव, उपेंद्र श्रीवास्तव, अनिरुद्ध सिंह, मंडल अध्यक्ष चंदन प्रसून, बसंत मांझी, कुलदीप मिश्रा, विधा बड़ाईक, नवीन सिंह, दीपनारायण दास, घनश्याम सिंह, गजानंद बेसरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


















