हेमंत सरकार में चोरी और सीनाजोरी साथ-साथ: आदित्य साहू

हेमंत सरकार में चोरी और सीनाजोरी साथ-साथ: आदित्य साहू

Share
Link copied

भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने हजारीबाग जिले के केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की बदहाली को उजागर करने वाली एक महिला कर्मचारी को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी द्वारा दी जा रही धमकियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिला को धमकाया जा रहा है, जिस पर साहू ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की।

आदित्य साहू ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हेमंत सरकार में “चोरी और सीनाजोरी साथ-साथ” चल रही है। राज्य में भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारी सरकार के “टूल किट” बन गए हैं, जो अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करते हैं और लोगों को अनावश्यक मुकदमों में फंसाने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि कुछ दिन पहले केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें परिवार नियोजन के ऑपरेशन के दौरान बिजली और जनरेटर की कमी के कारण मोबाइल टॉर्च की रोशनी में सर्जरी की गई। यह घटना झारखंड की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाली थी, जो बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।

आदित्य साहू ने कहा कि इससे भी ज्यादा चिंताजनक यह है कि स्वास्थ्य केंद्र की कुव्यवस्था को उजागर करने वाली साहसी महिला को अब एक सरकारी कर्मचारी द्वारा डराया-धमकाया जा रहा है। “ये अधिकारी नहीं, गुंडागर्दी करने वाले लोग हैं, जिन्हें सच बोलने वाली आवाजों से डर लगता है। झारखंड में आज हालात ऐसे हो गए हैं कि सच दिखाने वालों को धमकाया जा रहा है।”

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उस महिला को कोई नुकसान पहुंचा या खरोंच तक आई, तो भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठेगी। पार्टी के कार्यकर्ता पूरे झारखंड में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow