सिमडेगा पुलिस की ‘पुलिस ऑफ द वीक’ बनीं महिला आरक्षी रजनी केरकेट्टा, एसपी ने किया सम्मानित
शंभू कुमार / खुशीराम
सिमडेगा : सिमडेगा पुलिस की अनोखी पहल “पुलिसमैन ऑफ द वीक: सिमडेगा पुलिस” के तहत इस सप्ताह महिला आरक्षी रजनी केरकेट्टा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की गोपनीय शाखा में प्रतिनियुक्त महिला आरक्षी-68 रजनी केरकेट्टा को दिसंबर 2025 के तृतीय सप्ताह में बेहतरीन टर्न आउट, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक नैतिक सोच के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
यह पहल सिमडेगा पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके अंतर्गत हर सप्ताह आरक्षी से सहायक अवर निरीक्षक संवर्ग तक के पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों में से सर्वश्रेष्ठ का चयन किया जाता है। चुने गए पुलिसकर्मी को पुरस्कार के साथ-साथ पूरे सप्ताह थाना, ओपी या प्रतिष्ठान के सूचना पट पर उनकी तस्वीर लगाई जाती है, जिससे अन्य कर्मियों में भी लगन और कुशलता से ड्यूटी करने की प्रेरणा मिलती है।
महिला आरक्षी रजनी केरकेट्टा ने अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, लगन और कुशलता से निभाई, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान मिला। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बधाई दी और अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


















