मुस्तफिजुर रहमान के KKR में शामिल होने पर विवाद: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी, कहा- क्रिकेट के नजरिए से देखेंगे मामला
ढाका/नई दिल्ली : बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचारों की खबरों के बीच IPL 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदने का मामला गरमाया हुआ है। इस फैसले पर भारत में कई धर्मगुरुओं और राजनेताओं ने तीखी आलोचना की है, जबकि KKR के सह-मालिक शाहरुख खान को भी निशाने पर लिया गया है। अब इस विवाद पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने ANI से बातचीत में कहा, “हम पूरे मामले पर आखिर तक नजर रखेंगे, क्योंकि हम क्रिकेट के लोग हैं। हम इस मुद्दे को राजनीति के नजरिए से नहीं बल्कि क्रिकेट के नजरिए से देखने में यकीन रखते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स में मुस्तफिजुर रहमान एकमात्र बांग्लादेशी प्लेयर हैं। ऐसे में हम आखिर तक देखेंगे कि क्या होता है। हम हमेशा क्रिकेट के खेल को बढ़ावा देते हैं।”
उन्होंने आगे जोड़ा, “भारत हमारा पड़ोसी देश है और उनके साथ हमारे क्रिकेट के बहुत अच्छे रिश्ते हैं। क्रिकेट में बहुत अच्छे कोऑपरेटिव रिश्ते हैं।”
30 वर्षीय मुस्तफिजुर रहमान IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में बिकने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। KKR ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जो किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी के लिए IPL इतिहास की सबसे बड़ी रकम है। हालांकि, बांग्लादेश में हालिया घटनाओं के बाद इस खरीद पर विवाद खड़ा हो गया है। कई धर्मगुरु जैसे देवकीनंदन ठाकुर और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने इसे असंवेदनशील बताया, जबकि कुछ भाजपा नेताओं ने शाहरुख खान पर तीखे हमले किए।


















