BCCI ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का दिया निर्देश, KKR से बाहर होंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह फैसला भारत-बांग्लादेश संबंधों में हालिया तनाव और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर कथित हिंसा के बीच उठे विवाद के मद्देनजर लिया गया है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि यह निर्णय “हाल के घटनाक्रमों” को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि KKR को मुस्तफिजुर को रिलीज करने के लिए कहा गया है, और फ्रेंचाइजी को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति होगी।
मुस्तफिजुर रहमान को पिछले महीने IPL 2026 मिनी-ऑक्शन में KKR ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वे IPL इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए थे। उनकी खरीदारी के बाद राजनीतिक और धार्मिक संगठनों से तीखी प्रतिक्रियाएं आईं, जिसमें KKR सह-मालिक शाहरुख खान पर भी निशाना साधा गया। कई नेताओं और धार्मिक गुरुओं ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों को IPL में शामिल करने का विरोध किया था।
मुस्तफिजुर ने IPL में अब तक 60 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 65 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी रेट 8.13 रही है। वे सनराइजर्स हैदराबाद से IPL डेब्यू कर चुके हैं और कई फ्रेंचाइजियों का हिस्सा रह चुके हैं।


















