डीसी ने शिवम हॉस्पिटल के अल्ट्रासाउंड दस्तावेजों की विस्तृत जांच के दिए आदेश, सदर अस्पताल में 3-4 दिनों में शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सुविधा
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति (पीसीपीएनडीटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोलेबिरा स्थित शिवम अस्पताल में अल्ट्रासाउंड क्लिनिक संचालन के लिए डॉक्टर पूजा कुमारी द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर विस्तृत चर्चा हुई।
उपायुक्त ने अस्पताल का भ्रमण कर अल्ट्रासाउंड क्लिनिक की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही डॉक्टर पूजा कुमारी को सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अल्ट्रासाउंड क्लिनिक के संचालन में किसी भी प्रकार का कानून उल्लंघन न हो, इसकी पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में कहीं भी अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, सदर अस्पताल सिमडेगा में 3 से 4 दिनों के भीतर अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। उपायुक्त ने इस संबंध में कहा कि सुविधा संचालित करने वाले डॉक्टर को आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध होना चाहिए।
बैठक में सिविल सर्जन सुंदर मोहन समद, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, डॉ. निवेदिता, डॉ. बेला फ्रांसिस, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
यह बैठक पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत अल्ट्रासाउंड सुविधाओं के नियमन और लिंग चयन जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

















