कोलकाता: ईडी की छापेमारी के बीच आई-पीएसी प्रमुख के घर पहुंचीं ममता बनर्जी, कार्रवाई को बताया ‘राजनीतिक साजिश’
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मी उस समय चरम पर पहुंच गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने भारतीय राजनीतिक कार्रवाई समिति (आई-पीएसी) के प्रमुख प्रतीक जैन के आवास और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंचीं और ईडी की टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे केंद्र सरकार की राजनीतिक साजिश करार दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई। छापेमारी कोलकाता के साल्ट लेक स्थित आई-पीएसी कार्यालय के 11वीं मंजिल, लौडन स्ट्रीट पर प्रतीक जैन के आवास और बुराबाजार के पोस्टा क्षेत्र में एक व्यापारी के कार्यालय सहित कई स्थानों पर एक साथ शुरू हुई। आई-पीएसी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की चुनावी रणनीति और आईटी सेल को संभालने वाली प्रमुख संस्था है।
छापेमारी जारी रहने के दौरान दोपहर के समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अचानक प्रतीक जैन के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने ईडी अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे टीएमसी की आंतरिक दस्तावेज, हार्ड डिस्क और संवेदनशील संगठनात्मक डेटा जब्त करने की कोशिश कर रहे हैं। ममता ने इसे “चुनावी रणनीति चोरी करने की साजिश” बताया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है।
ममता बनर्जी ने मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा, “यह राजनीतिक प्रतिशोध है। वे हमारी पार्टी की गोपनीय फाइलें और डेटा चुराने आए हैं। क्या गृह मंत्री का काम यह है?” उन्होंने ईडी की कार्रवाई को असंवैधानिक और अनैतिक बताया। कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे।
टीएमसी ने इस छापेमारी को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा विपक्ष को निशाना बनाने की कोशिश बताया है। वहीं, ईडी ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

















