झारखंड ने दावोस में किया शानदार आगाज: सीएम हेमंत सोरेन ने ग्लोबल कंपनियों के प्रमुखों से शुरू की उच्च स्तरीय बैठकें
झारखंड ने दावोस में किया शानदार आगाज: सीएम हेमंत सोरेन ने ग्लोबल कंपनियों के प्रमुखों से शुरू की उच्च स्तरीय बैठकें

डेस्क| 19 जनवरी 2
झारखंड राज्य गठन के 25वें वर्ष में पहली बार विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum – WEF) की वार्षिक बैठक 2026 में मजबूत उपस्थिति दर्ज कर रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल ने आज बैठक के उद्घाटन दिवस पर ही कई प्रमुख ग्लोबल कंपनियों और संस्थाओं के साथ सुनियोजित उच्च स्तरीय वार्ताओं की शुरुआत की।यह झारखंड की ऐतिहासिक भागीदारी है, जो राज्य को वैश्विक मंच पर एक जिम्मेदार, टिकाऊ और भविष्य-तैयार साझेदार के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है। थीम “Growth in Harmony with Nature” के साथ झारखंड सस्टेनेबल ग्रोथ, एनर्जी ट्रांजिशन, क्रिटिकल मिनरल्स और समावेशी विकास पर फोकस कर रहा है।
पहले दिन की प्रमुख बैठकें
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निम्नलिखित ग्लोबल कंपनियों एवं संस्थाओं के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण संवाद किया
टाटा स्टील — भारत के औद्योगीकरण में झारखंड की ऐतिहासिक भूमिका को दोहराते हुए उन्नत एवं टिकाऊ विनिर्माण पर चर्चा।
हिताची इंडिया — अवसंरचना विकास, ऊर्जा प्रणालियां और प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों के नए अवसरों पर विस्तृत बातचीत।
टेक महिंद्रा — आईटी हब, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, इनोवेशन इकोसिस्टम और संबंधित पहलों पर फोकस।
इसके अतिरिक्त ब्लूमबर्ग APAC, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल और यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के साथ बैठकें हुईं, जहां निवेश सुगमता, वैश्विक बाजार एकीकरण और दीर्घकालिक सहयोग के अवसरों का जायजा लिया गया।
महिला सशक्तिकरण और तकनीकी विषयो पर विशेष जोर
बैठकों में राज्य ने महिला विकास, समावेशी नेतृत्व और लैंगिक समानता को आर्थिक विकास का अभिन्न हिस्सा बताते हुए अपनी मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रतिनिधिमंडल ने WEF के विभिन्न टेक्नोलॉजी पवेलियनों का दौरा कर उभरते हुए नए नए तकनीकों से रूबरू हुआ, जिससे राज्य के औद्योगिक विकास को स्थिरता और तकनीकी उन्नति के साथ जोड़ने के प्रयासों को और बल मिलेगा।
विजन 2050 की ओर युवा झारखंड का मजबूत संकेत
25 वर्षीय युवा झारखंड अब क्षेत्रीय स्तर से आगे बढ़कर सक्रिय वैश्विक सहभागिता की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ये प्रारंभिक वार्ताएं राज्य में टिकाऊ साझेदारी, जिम्मेदार निवेश और वैश्विक स्तर पर जुड़ी अर्थव्यवस्था स्थापित करने की मजबूत नींव रख रही हैं।
जाहिर है आने वाले दिनों में झारखंड पवेलियन का उद्घाटन (20 जनवरी) और अन्य महत्वपूर्ण सत्रों के माध्यम से राज्य अपनी क्षमताओं को और अधिक गहराई से दुनिया के सामने पेश करेगा। यह न केवल झारखंड के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है।


















