मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाबा साहेब अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पर अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा – बाबा साहेब के विचार आज भी सामाजिक न्याय की मजबूत नींव
लंदन : गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण का साक्षी बनकर लंदन स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर (बाबा साहेब) के ऐतिहासिक आवास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संविधान के निर्माता बाबा साहेब को गहन श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को भारत की लोकतांत्रिक नींव का आधार बताया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर को अपने जीवन का परम सौभाग्यपूर्ण और प्रेरणादायी पल करार दिया। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और समावेशी विचारधारा ने विविधताओं से भरे भारत को एक सशक्त, समानता-आधारित और लोकतांत्रिक राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव प्रदान की। उनके आदर्श आज भी सामाजिक न्याय, समानता और गरिमापूर्ण जीवन के सबसे मजबूत स्तंभ हैं।”
सीएम ने आगे कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को न केवल एक समावेशी संविधान दिया, बल्कि हर नागरिक को सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों के साथ जीने का मौलिक अधिकार भी सौंपा। “उनके विचार आज भी हमें मार्गदर्शन देते हैं और सामाजिक न्याय की लड़ाई को प्रेरित करते हैं।”
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंबेडकर म्यूजियम एंड हाउस की गेस्ट बुक में अपने भावनात्मक विचार भी दर्ज किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















