रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में भीषण आग: 5-6 बसें जलकर राख, अफरा-तफरी का माहौल
रांची : झारखंड की राजधानी रांची से अभी-अभी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। खादगढ़ा बस स्टैंड (कांटा टोली क्षेत्र) में खड़ी कई बसों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में 5 बसों में आग लगी, जो तेजी से फैलकर कुल 6 बसों तक पहुंच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के मुताबिक, आग लगने वाली बसों में एलडी मोटर्स की बसें, किरण, संजय सुपर और झारखंड पर्यटक की 2 बसें शामिल हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बसें धधक उठीं और कई बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग और बस स्टैंड के कर्मचारी पानी और उपलब्ध साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग (दमकल) की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस भी मौके पर मौजूद है और जांच कर रही है।
फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। कुछ प्रत्यक्षदर्शी इसे शॉर्ट सर्किट या किसी लापरवाही से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ लोग साजिश की आशंका भी जता रहे हैं। किसी तरह की जनहानि की खबर अभी तक नहीं मिली है, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।

















