seven-day-old-infant-strangled-death

सात दिन के नवजात की गला दबाकर हत्या, दलदल में दफनाया शव; ग्रामसभा में मां ने कबूला जुर्म

Share
Link copied
seven-day-old-infant-strangled-death
seven-day-old-infant-strangled-death

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सात दिन के नवजात की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि नवजात की उसकी मां ने ही गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के दलदली इलाके में दफना दिया। बच्चे के अचानक गायब होने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद सोमवार को गांव में विशेष ग्रामसभा बुलाकर मामले की जानकारी जुटाई गई।

Advertisment
Advertisment

गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में महिला से नवजात के गायब होने को लेकर पूछताछ की गई। ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने 26 सितंबर की सुबह नवजात की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि हत्या के बाद शव को पुटीसाल के सुनसान दलदली इलाके में गड्ढा खोदकर दफना दिया था।

Advertisment
Advertisment

महिला के बयान के बाद ग्रामीण उसे लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे। उसकी निशानदेही पर जमीन की खुदाई की गई, जहां से नवजात का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालने के बाद उसी स्थान पर दोबारा दफना दिया।

Advertisment
Advertisment

बताया गया कि महिला के घर 22 सितंबर को नवजात का जन्म हुआ था। जन्म के महज चार दिन बाद ही उसकी हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद महिला कुछ दिनों के लिए गांव से बाहर चली गई थी। बच्चे के अचानक गायब होने से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी थीं। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया।

RKDF
advertisement

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम अंधारी गांव पहुंची और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।