भारत ने रचा इतिहास: U-19 विश्व कप का रिकॉर्ड छठा खिताब जीता, इंग्लैंड को 100 रनों से हराया
हरारे : भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपनी दबदबत साबित की है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने ICC अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट का रिकॉर्ड छठा खिताब अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह ट्रॉफी जीती थी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए, जो इस टूर्नामेंट का सर्वोच्च स्कोर रहा। इस विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई।
मैच का असली हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी। उन्होंने महज 80 गेंदों में 175 रन ठोके, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। यह U-19 विश्व कप फाइनल में अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है और उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े। उनकी इस विस्फोटक पारी ने भारत को मजबूत आधार दिया। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 53 रन बनाए।
इंग्लैंड की ओर से कैलेब फाल्कनर ने शानदार शतक (115 रन, 67 गेंद) लगाया, लेकिन यह टीम को हार से नहीं बचा सका। भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को बड़े स्कोर से दूर रखा।
वैभव सूर्यवंशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के साथ-साथ ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी मिला। उनकी इस शानदार परफॉर्मेंस ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बना दिया है। टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित किया कि U-19 स्तर पर दुनिया में उनका कोई जवाब नहीं।


















