विधायक भूषण बाड़ा ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा जिला अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा ने सदर अस्पताल का अचानक दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। विधायक भूषण बाड़ा के साथ महिला जिला अध्यक्ष सह पाकर डार जिप सदस्य जोसिमा खाखा भी मौजूद रहीं। विधायक के अस्पताल पहुंचते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
विधायक ने एक-एक कर सभी वार्डों का गहन निरीक्षण किया और मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा डॉक्टरों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। कई मरीजों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिन पर विधायक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला विधायक प्रतिनिधि एजाज अहमद, जिला विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, सिविल सर्जन सिमडेगा और नगर विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद भी उपस्थित रहे।
विधायक भूषण बाड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “सदर अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब ग्रामीणों और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
महिला वार्ड एवं प्रसूति विभाग की समीक्षा करते हुए जोसिमा खाखा ने संतोषजनक स्थिति पर खुशी जताई, लेकिन आवश्यक सुधारों के लिए भी निर्देश दिए।


















