रांची में फिर सनसनी: सिविल कोर्ट के बाद अब समाहरणालय को हॉटमेल से बम से उड़ाने की धमकी, सघन तलाशी अभियान जारी
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। कुछ दिनों पहले सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए मिली बम धमकी के बाद अब समाहरणालय (DC ऑफिस) को भी हॉटमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार को प्राप्त इस धमकी के बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ता (BDDS) सहित पुलिस की टीमें गहन तलाशी अभियान चला रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल हॉटमेल।अकाउंट से भेजा गया था, जिसमें समाहरणालय को बम से उड़ाने की स्पष्ट चेतावनी दी गई थी। धमकी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और पूरे कॉम्प्लेक्स में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। स्निफर डॉग्स और बम डिटेक्शन टीमों की मदद से हर कोने की जांच की जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह धमकी अकेली नहीं है। देश के कई राज्यों में इसी तरह की ईमेल धमकियां मिलने की सूचना है, जिसमें बिहार के कई कोर्ट और अन्य सरकारी कार्यालय शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


















