एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस का शर्मनाक प्रदर्शन: सुदेश महतो ने की कड़ी निंदा
रांची : पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शर्ट उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन को “शर्मनाक, निंदनीय और अस्वीकार्य” करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने कांग्रेस को देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय छवि के प्रति लापरवाह साबित कर दिया है।
सुदेश महतो ने अपनी प्रतिक्रिया में जोर देकर कहा कि यह समिट वैश्विक स्तर पर एआई के भविष्य पर ऐतिहासिक चर्चा का मंच है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरेस सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वैश्विक नेता, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और नीति-निर्माता शामिल हुए हैं। भारत के नेतृत्व में इस आयोजन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना हो रही है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर राजनीतिक विद्वेष और कुंठा वश प्रदर्शन करना अत्यंत अशोभनीय है।
उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की इस सफल पहल बर्दाश्त नहीं हो रही। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को क्षति पहुंचाने का प्रयास करती रही है। दलीय राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय गरिमा के लिए एकजुटता दिखाने की परंपरा को कांग्रेस ने तोड़ दिया है।”
यह प्रदर्शन शुक्रवार को समिट के दौरान हुआ, जिसमें युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ जैसे नारे लगाए और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ विरोध जताया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और मामला दर्ज किया गया है।


















