उड़ान भरते ही केबिन भर गया धुंआ, अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बचे उपमुख्यमंत्री
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज एक बड़े हवाई हादसे से बाल-बाल बच गए। लखनऊ के ला मार्टिनियर ग्राउंड से कौशांबी के लिए रवाना हुए उनके सरकारी हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। केबिन में अचानक धुआं भरने लगा और कंट्रोल पैनल की डिस्प्ले भी बंद हो गई, जिससे स्थिति बेहद नाजुक हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पायलट ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी एयरपोर्ट) पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति ली। पायलट की सतर्कता और शांत व्यवहार के कारण हेलीकॉप्टर सुरक्षित उतर गया और उपमुख्यमंत्री सहित सभी लोग सुरक्षित रहे। कोई चोट या जानमाल की हानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना तकनीकी खराबी (संभावित इलेक्ट्रिकल फॉल्ट) के कारण हुई। नागरिक उड्डयन विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अब हेलीकॉप्टर की गहन जांच कर रही है ताकि खराबी की असली वजह का पता लगाया जा सके। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और आगे की उड़ानों के लिए अतिरिक्त सावधानियां बरतने का फैसला किया गया है।

















