लातेहार के बालूमाथ में कोयला लदे हाइवा में लगी भीषण आग, सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाहें – अपराधियों ने हथियार दिखाकर लगाई आग?
लातेहार/बालूमाथ : झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र से कल रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां मगध कोलियरी से कोयला लेकर जा रहे एक 16 चक्के हाइवा (JH19E3276) में अचानक भीषण आग लग गई। घटना नगड़ा गांव के पास गोपाली ढाबा और रेलवे ब्रिज के निकट शाम करीब 7 बजे हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आग इतनी तेजी से फैली कि हाइवा के बाईं ओर के छह चक्के पूरी तरह जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। सौभाग्य से इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाहें – अपराधियों ने हथियार दिखाकर लगाई आग?
जैसे ही खबर फैली, सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जाने लगा कि अपराधियों ने हथियार के बल पर गाड़ी रोकी, तेल छिड़ककर आग लगा दी। इससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कोयला परिवहन से जुड़े लोगों में खौफ फैल गया।
पुलिस जांच में खुलासा: हमला नहीं, बल्कि टेक्निकल खराबी
बालूमाथ पुलिस ने इन सभी दावों का सख्ती से खंडन किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि आग किसी हमले या अपराधी गतिविधि से नहीं लगी। अत्यधिक गर्मी के कारण टायर फट गया और घर्षण (friction) से आग भड़क उठी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह महज एक अफवाह है और कोई आपराधिक साजिश नहीं पाई गई।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्ट जानकारी के सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें न फैलाएं, क्योंकि इससे अनावश्यक दहशत फैलती है। पुलिस मामले की गहन जांच जारी रखेगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

















