तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत; घर में छाया मातम
साहिबगंज : जहां खुशियों की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अचानक मातम का सन्नाटा पसर गया। साहिबगंज जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने दो युवकों की जिंदगियां छीन लीं। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हादसा शोभनपुर मठिया (डेरा पीपल पेड़) के पास रात करीब 12 बजे हुआ। मृतकों की पहचान तालबन्ना निवासी सनोज कुमार यादव और शोभापुर भट्ठा निवासी बादल यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक साहिबगंज से महादेवगंज की ओर मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। परिजनों के अनुसार, वे किसी विवाह समारोह में भोज खाकर लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पीपल के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सनोज कुमार यादव के पिता राजकुमार यादव ने बताया कि सनोज का बुधवार को छेका (सगाई) होने वाला था। परिवार वाले तैयारियां कर रहे थे, लेकिन अचानक यह दुखद हादसा हो गया। एक झटके में घर के चिराग बुझ गए और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बादल यादव के परिजन भी सदमे में हैं।
मंगलवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। दोनों परिवारों में गहरा शोक है। जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सिर्फ आंसू और सन्नाटा बाकी है।

















