बेकाबू ग्रेडर ने छीनी बाइक सवार की जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की बेरहमी से पिटाई की
चतरा : झारखंड के चतरा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चंदरी गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत अनंतपुर गांव के टोंगरी पहाड़ी टोला में बेकाबू ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसका शव ग्रेडर में ही फंसा रहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ग्रामीणों के अनुसार, यह ग्रेडर मशीन बिहार में चल रहे एक्सप्रेसवे सड़क निर्माण कार्य के लिए झारखंड की सीमावर्ती व संकीर्ण पहाड़ी इलाकों से अवैध तरीके से मिट्टी उठा रही थी। मिट्टी लोड कर वापस लौटते समय चालक ने लापरवाही बरती और बाइक सवार को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने हेडफोन लगाकर गाड़ी चलाई थी, जिसके कारण वह सड़क पर ध्यान नहीं दे पाया।
हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने ग्रेडर चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। चालक बुरी तरह घायल हो गया, लेकिन स्थानीय बुद्धिजीवियों और समझदार लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान किसी तरह बची। भीड़ के चंगुल से चालक को छुड़ाकर उसे घायल अवस्था में प्रतापपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि यह अवैध मिट्टी उठाव लंबे समय से चल रहा है और कई बार इसका विरोध किया जा चुका है, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
मौके पर पहुंची प्रतापपुर थाना पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी अपने दलबल के साथ मौजूद रहे और आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने में जुटे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध मिट्टी खनन के आरोपों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई है।

















