शंख नदी छठ घाट का PCC पथ बर्बाद: बालू तस्करों की मनमानी से पर्यटक स्थल संकट में, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा

शंख नदी छठ घाट का PCC पथ बर्बाद: बालू तस्करों की मनमानी से पर्यटक स्थल संकट में, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : सिमडेगा जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एवं छठ पूजा का प्रमुख घाट शंख नदी अब अवैध बालू तस्करों की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। तस्करों द्वारा ट्रैक्टरों से निरंतर बालू उठाव के कारण छठ घाट तक जाने वाला PCC पथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। जगह-जगह गड्ढे, सड़क पर मोटी बालू की परत जमा होने से बाइक और छोटे वाहनों का आवागमन दूभर हो गया है, जबकि दुर्घटनाएं आम बात बन चुकी हैं।

छठ पूजा समिति के प्रमुख प्रदीप केसरी ने बताया कि कुछ महीने पहले छठ पूजा समिति के आग्रह पर मात्र 1 किलोमीटर PCC पथ का निर्माण कराया गया था, लेकिन अवैध बालू तस्करी के कारण अब पूरा पथ बालू से ढक गया है। PCC सड़क नजर ही नहीं आ रही है। उन्होंने कहा, “पूरे पथ पर बालू ही बालू दिखाई दे रहा है। बाइक सवारों के लिए यह रास्ता खतरनाक हो चुका है।”

प्रदीप केसरी ने आगे आरोप लगाया कि छठ घाट से बालू उठाव पर पहले से ही प्रतिबंध है और सुरक्षा के लिए गार्ड का निर्माण भी कराया गया था। फिर भी तस्करों ने बगल में वैकल्पिक रास्ता बनाकर ट्रैक्टरों से बालू की तस्करी जारी रखी। विभाग को बार-बार सूचना देने के बावजूद खनन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। छठ पूजा के बाद भी सैकड़ों ट्रैक्टरों से अवैध बालू उठाव जारी रहा, जिससे पथ की दुर्दशा और बढ़ गई।

शंख नदी छठ सेवा संस्थान ने प्रशासन से तत्काल मांग की है कि PCC पथ से जमा बालू तुरंत हटाया जाए। बालू लदे ट्रैक्टरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और अवैध तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पर्यटन स्थल और छठ पूजा घाट की सुरक्षा बनी रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शंख नदी का यह घाट न केवल छठ व्रतियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यटकों के बीच भी लोकप्रिय है। लेकिन यदि बालू तस्करों की मनमानी जारी रही तो यह खूबसूरत पर्यटन स्थल पूरी तरह बर्बाद हो सकता है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।