विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन, समाज को एकजुट रहने और सनातन संस्कृति की रक्षा का आह्वान
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत टैसेरा में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य और प्रभावशाली आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, युवा और समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भारत माता की तस्वीर पर पुष्पांजलि के साथ हुई, जिसमें विहिप के जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, एबीवीपी के संगठन मंत्री निलेश कटारा तथा आरएसएस के जिला संघ चालक श्रवण बड़ाईक ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
मुख्य वक्ताओं ने सनातन समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की रक्षा पर जोर दिया। विहिप जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव ने कहा कि आज कुछ शक्तियां समाज को विभाजित करने और उसकी मूल परंपराओं को कमजोर करने के प्रयास कर रही हैं। ऐसे में सनातन समाज को एकजुट होकर अपनी पहचान बचानी होगी।
पूर्व मुखिया शंकर महली ने ‘संगत और पंगत’ की परंपरा पर विशेष बल देते हुए कहा कि समरसता और एकजुटता से ही समाज का विस्तार संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि कोई हमारी सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ जबरन नियम थोपने की कोशिश करे तो उसका दृढ़ विरोध किया जाना चाहिए।
एबीवीपी के संगठन मंत्री निलेश कटारा ने युवाओं से विशेष आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज को विभिन्न हिस्सों में बांटने की नकारात्मक कोशिशों से दूर रहकर एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल ने महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे वीर शूरवीरों के आदर्शों को याद करते हुए समाज और राष्ट्र के लिए समर्पण की भावना जगाई। आरएसएस जिला संघ चालक श्रवण बड़ाईक ने संघ के 100 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए ‘पंच परिवर्तन’ पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कई पहलुओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों ने समाज को मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। शारदा धाम के संरक्षक त्रिलोचन प्रधान, आरएसएस के समी कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद रामजी यादव, कमल सेनापति, संजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी रही। विहिप, आरएसएस, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से कार्यक्रम सफल रहा।


















