टेल्को थीम पार्क जमशेदपुर में प्रेम विवाद में चापड़ से जानलेवा हमला,वीडियो CCTV में कैद
टेल्को थीम पार्क जमशेदपुर में प्रेम विवाद में चापड़ से जानलेवा हमला,वीडियो CCTV में कैद

पूर्व प्रेमिका के नए रिश्ते की जानकारी देने पर बदला, मुख्य आरोपी फारुक अयान समेत 4 युवक हिरासत में ,18 साल के आदर्श सिंह की हालत गंभीर
जमशेदपुर: टेल्को थीम पार्क के पास मंगलवार रात प्रेम संबंधी पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्लस टू पास 18 वर्षीय छात्र आदर्श सिंह (टेल्को कॉलोनी रोड नंबर-18) पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गर्दन और पीठ पर गहरी चोटें आई हैं। घायल को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए टीएमएच जमशेदपुर रेफर किया गया। फिलहाल आदर्श सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
आदर्श सिंह ने पुलिस को बताया कि हुडको निवासी महरूफ फोन कर बात करने के बहाने थीम पार्क बुलाया। वहां पहुंचते ही आरोपी और उसके साथियों ने पहले मारपीट की और फिर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। पूरी घटना CCTV में कैद है।
विवाद की असली वजह:
दो साल पहले आदर्श सिंह की टेल्को कॉलोनी की एक युवती से दोस्ती थी, जो टूट गई। बाद में युवती की दोस्ती गोलमुरी के दूसरे युवक से हो गई। आदर्श द्वारा इस संबंध की जानकारी युवती के परिवार को दिए जाने के बाद रंजिश बढ़ गई। आरोप है कि नाराज युवती के इशारे पर ही यह हमला किया गया।
पुलिस कार्रवाई:
टेल्को थाना पुलिस ने तुरंत मुख्य आरोपी फारुक अयान समेत चार युवकों को हिरासत में ले लिया है। मामले में FIR दर्ज कर पूछताछ जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।टेल्को में बढ़ रही चापड़बाजी:
टेल्को क्षेत्र में हाल के दिनों में चापड़ से हमला की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। यह तीसरी बड़ी घटना है। पुलिस युवाओं के बीच प्रेम विवाद, पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई को मुख्य वजह बता रही है।

















