रांची में बन रही ‘वर्ल्ड क्लास’ लाइब्रेरी, राज्यपाल ने किया निरीक्षण
रांची : संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और कार्यरत अभियंताओं एवं कर्मियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राज्यपाल ने कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं, बल्कि “ज्ञान, अध्ययन और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला” है। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में Central Coalfields Limited और Coal India Limited द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत दिए गए योगदान की सराहना की।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि राजधानी रांची को जल्द ही एक ‘वर्ल्ड क्लास मॉडर्न लाइब्रेरी’ मिलने जा रही है। यह लाइब्रेरी छह मंजिला होगी और इसमें एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए बेहद उपयोगी होगा, उच्च शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेगा और झारखंड के युवाओं के लिए ज्ञान और आत्मविकास का केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर संजय सेठ भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय के प्रथम तल पर देश के वीर सपूतों के चित्र और उनकी जीवनियाँ प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि बच्चों को प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यह लाइब्रेरी देश के चुनिंदा आधुनिक पुस्तकालयों में शामिल होगी। ग्रामीण और प्रतिभाशाली छात्रों के लिए यह पहल बेहद लाभकारी होगी। साथ ही कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से अध्ययन व्यवस्था की जाएगी।
राज्यपाल ने परियोजना से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी झारखंड के युवाओं के लिए “आशा, अवसर और उपलब्धि का नया द्वार” साबित होगी।

















