रंगदारी न देने पर रेस्टोरेंट में फायरिंग, मुख्य शूटर सचिन यादव गिरफ्तार, प्रिंस खान गिरोह ने मांगी थी 1 करोड़ की रंगदारी
रांची के लोधमा स्थित The Titos Restaurant में रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य शूटर सचिन यादव को एसआईटी टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना के समय पहने कपड़े, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं।
दिनांक 27 दिसंबर 2025 को रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप और उनके सहयोगियों पुष्कर महतो एवं पिंटु कच्छप से संगठित अपराधी गिरोह के सरगना प्रिंस खान द्वारा इंटरनेट कॉल के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर लगातार धमकी दी जाती रही। इसके बाद 7 मार्च 2026 को गिरोह के सदस्यों ने The Titos Restaurant में फायरिंग करवाई, जिसमें एक स्टाफ को गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने मुख्य शूटर के रूप में सचिन यादव का नाम बताया, जिसके बाद लगातार छापेमारी कर 28 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त सचिन यादव (धनबाद) पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, रंगदारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत केस शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से, घटना के समय पहने कपड़े, 1 देशी कट्टा, 3 जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों के संबंध में एक अलग मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है। रांची में रंगदारी और संगठित अपराध पर पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है।


















