हजारीबाग: रामनवमी जुलूस के दौरान हुई युवक की हत्या का खुलासा, SIT ने 3 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
हजारीबाग: रामनवमी जुलूस के दौरान हुई युवक की हत्या का खुलासा, SIT ने 3 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रिक्की राज
हजारीबाग : हजारीबाग जिले के पेलावल ओपी क्षेत्र अंतर्गत गदोखर गांव में रामनवमी की रात हुई सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना हथियार (भुजाली) भी बरामद कर लिया गया है।
पुरानी रंजिश में रची गई थी मौत की साजिश
पुलिस के अनुसार, यह वारदात किसी तात्कालिक विवाद का परिणाम नहीं बल्कि पुरानी रंजिश का हिस्सा थी। गिरफ्तार आरोपियों—करण कुमार यादव, नितेश कुमार यादव और अरुण यादव—ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने पहले से ही रामकुमार साव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे थे।
कैसे अंजाम दी गई वारदात?
घटना 27/28 मार्च की मध्य रात्रि की है। गदोखर शिव मंदिर से रामनवमी की शोभायात्रा शांतिपूर्वक निकल रही थी। इसी बीच, जुलूस से घर लौट रहे रामकुमार साव पर आरोपियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उसके पेट पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
SIT की मुस्तैदी से हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया।
31 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की।
करण और नितेश को कंडबरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
अरुण यादव को छठवा जाम काली मंदिर के पीछे से दबोचा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी अरुण यादव के घर की छत से पुलिस ने वह हथियार भी ढूंढ निकाला जिससे हत्या की गई थी।
एक आरोपी अब भी फरार
इस मामले में चौथे आरोपी अभिषेक यादव की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पेलावल पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की नजर बनी हुई है।
















