पीएलएफआई व माओवादी के नाम पर रंगदारी मांगने के मामले में दो गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र में पीएलएफआई एवं माओवादी संगठन के नाम पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मुख्यालय एसडीपीओ बैजु उरांव ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार रोशन किस्पोट्टा से आरोपियों द्वारा फोन के माध्यम से लेवी की मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।
इस संबंध में जलडेगा थाना कांड संख्या 23/2026, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(4)/308(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित छापेमारी अभियान चलाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र नायक एवं यशवंत महतो उर्फ छोटू के रूप में हुई है। दोनों को 03 अप्रैल 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है। छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















