सड़क दुर्घटना में घायल हुए नौडीहा बाजार के सीओ संजय सिंह, ट्रेलर ने मारी टक्कर
सड़क दुर्घटना में घायल हुए नौडीहा बाजार के सीओ संजय सिंह, ट्रेलर ने मारी टक्कर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शंभू कुमार सिंह
पलामू जिले के नौडीहा बाजार अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में पिपरा अंचल अधिकारी और वाहन चालक भी जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मसीहानी हाईवे के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित ट्रेलर ने मीटिंग में जा रहे अंचल अधिकारियों की गाड़ी को लगातार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
संजय कुमार सिंह इससे पहले सिमडेगा जिले में सिमडेगा और बांसजोर अंचल में दो बार अंचल अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान वे व्यवहार कुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके अधीनस्थ कर्मचारियों और आम लोगों के बीच भी उनकी सकारात्मक छवि रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिमडेगा समेत आसपास के इलाकों में चिंता का माहौल है। उनके शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।














