डिस्ट्रिक्ट लेवल “अस्मिता एथलेटिक्स प्रतियोगिता” का सफल आयोजन, बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : खेलकूद विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार खेल नगरी सिमडेगा स्थित अलबर्ट एक्का स्टेडियम में डिस्ट्रिक्ट लेवल “अस्मिता एथलेटिक्स प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, उस्मानी तौकिर, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मनोज प्रसाद एवं हॉकी सिमडेगा के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सिमडेगा जिला खेल प्रतिभाओं के लिए देशभर में जाना जाता है और इस प्रकार के आयोजन बालिकाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रतियोगिता में जिले भर की बालिका खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स के तहत लंबी दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। अंडर-14 एवं अंडर-17 वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में निक्की केरकेट्टा, महिमा डुंगडुंग, समरीता भेंगरा, अनिषा कुल्लू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
रिले रेस में विभिन्न टीमों ने शानदार तालमेल और टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया। अस्मिता सिटी लीग 2026 के तहत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, सिमडेगा विजेता रहा और बुनियादी उच्च विद्यालय उपविजेता रहा
प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया के अंतर्गत राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन के तहत पहले दिन एथलेटिक्स और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं, जबकि आगामी दिनों में वुशु, बैडमिंटन और हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
कुल मिलाकर, यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में सफल रही, बल्कि बालिकाओं के आत्मविश्वास और खेल के प्रति उत्साह को भी नई दिशा देने का काम किया।
















