दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग: गोड्डा में महिला से सोने की चेन छीनी, बाइक सवार बदमाश फरार

गोड्डा जिला के मेहरमा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन छिनतई की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। पत्तिचक–पिरोजपुर मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसआई सत्यदीप, सुधीर टोप्पो और सहदेव प्रसाद भी मौजूद थे। पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई।
पीड़िता की पहचान रुचि कुमारी के रूप में हुई है, जो भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के बरैनी गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी मां के साथ शंकरपुर स्थित मायके से बाराहाट बाजार जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 अप्रैल को भी इसी थाना क्षेत्र में रंगदारी, हत्या और छिनतई के मामलों में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ताजा घटना ने एक बार फिर पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती खड़ी कर दी है।
थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक सवार बदमाशों द्वारा चेन छिनतई की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
















