धनबाद में BCCL की मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा, स्लरी में दबकर 4 मजदूरों की मौत, कई लापता, युद्धस्तर पर चल रहा ऑपरेशन

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोयले की स्लरी (कोयला पाउडर) में दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुनीडीह ओपी क्षेत्र में संचालित कोल वाशरी प्रोजेक्ट में ट्रक में स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में कोयले का पाउडर गिर गया। इससे वहां काम कर रहे ठेका मजदूर उसकी चपेट में आ गए और दब गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। अब तक चार मजदूरों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। हालांकि, अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालना है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।
(अपडेट जारी…)

















