चीन में डोनाल्ड ट्रंप की बेइज्जती! एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए नहीं पहुंचे शी जिनपिंग

अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump दो दिन के सरकारी दौरे पर चीन पहुंच गए हैं। हालांकि बीजिंग एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने खुद चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping नहीं पहुंचे। उनकी जगह चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग ने एयरपोर्ट पर ट्रंप का स्वागत किया।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, ट्रंप के स्वागत के दौरान बीजिंग में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू, अमेरिका में चीन के राजदूत शी फेंग और चीन के विदेश मामलों के कार्यकारी उप मंत्री मा झाओक्सू भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर ट्रंप के स्वागत के लिए सफेद और नीली वर्दी पहने करीब 300 युवाओं को भी तैनात किया गया था। इसके अलावा एक बैंड पार्टी ने भी उनका स्वागत किया।
दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप यूएई, इजराइल, सऊदी अरब और कतर जैसे देशों का दौरा कर चुके हैं। इन देशों में उनका स्वागत वहां के राष्ट्राध्यक्षों ने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर किया था। ऐसे में चीन में शी जिनपिंग के एयरपोर्ट पर मौजूद नहीं रहने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन की प्रोटोकॉल व्यवस्था में राष्ट्रपति आमतौर पर विदेशी नेताओं के स्वागत के लिए एयरपोर्ट नहीं जाते हैं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, प्रोटोकॉल के तहत किसी विदेशी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए चीन के विदेश मंत्री का जाना तय माना जाता है। लेकिन इस बार चीन ने उपराष्ट्रपति हान झेंग को भेजा, जिसे ट्रंप के सम्मान में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इससे पहले साल 2017 में जब ट्रंप पहली बार बीजिंग पहुंचे थे, तब उनके स्वागत के लिए विदेश विभाग के अधिकारी पहुंचे थे। वहीं रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin और उत्तर कोरिया के नेता Kim Jong Un के चीन दौरे के दौरान भी शी जिनपिंग एयरपोर्ट नहीं गए थे।
बताया जाता है कि साल 2009 में आखिरी बार शी जिनपिंग ने किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का एयरपोर्ट पर स्वागत किया था। उस समय वे चीन के उपराष्ट्रपति थे और तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे।

















