व्हाइट हाउस ने लॉन्च किया ‘Trump TV’, मीडिया विवाद के बीच 24/7 आधिकारिक वीडियो स्ट्रीम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी मीडिया के बीच जारी टकराव अब डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया है। व्हाइट हाउस ने 21 सितंबर 2026 की शाम “TRUMP TV: The Essentials Station” नाम से 24 घंटे चलने वाली वीडियो स्ट्रीम शुरू की है। यह पारंपरिक न्यूज चैनल नहीं है, बल्कि व्हाइट हाउस की ओर से उपलब्ध कराई जा रही आधिकारिक वीडियो स्ट्रीम है, जिसमें ट्रंप और उनके प्रशासन के भाषणों, कार्यक्रमों और पुराने वीडियो फुटेज को प्रसारित किया जा रहा है।
यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप प्रशासन ने CNN, MS NOW और Politico के पत्रकारों की व्हाइट हाउस तक पहुंच रोक दी है और इन मीडिया संस्थानों ने इसके खिलाफ संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है।

कैसे शुरू हुआ मीडिया विवाद?
राष्ट्रपति ट्रंप ने 19 सितंबर के आसपास CNN, MS NOW और Politico को व्हाइट हाउस से बाहर करने का फैसला किया। ट्रंप ने इन संस्थानों की रिपोर्टिंग को “फेक न्यूज” बताते हुए उन पर प्रशासन के बारे में गलत और नकारात्मक खबरें प्रकाशित करने का आरोप लगाया। इसके बाद संबंधित पत्रकारों के व्हाइट हाउस प्रवेश पास निष्क्रिय कर दिए गए।
CNN, MS NOW और Politico ने इसके खिलाफ First Amendment और Due Process से जुड़े अधिकारों का हवाला देते हुए मुकदमा दायर किया है। उनका कहना है कि उनकी रिपोर्टिंग से असहमति के कारण सरकार ने उनके पत्रकारों की पहुंच खत्म की है। यह आरोप अभी अदालत में विचाराधीन है।

टीवी नेटवर्क ने भी रोकी पूल कवरेज
विवाद का असर व्हाइट हाउस की पारंपरिक टेलीविजन कवरेज पर भी पड़ा। CNN, ABC, CBS, Fox News और NBC राष्ट्रपति की गतिविधियों के लिए रोटेशन के आधार पर एक साझा TV pool संचालित करते हैं। इस व्यवस्था में जिस नेटवर्क की बारी होती है, वह राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की वीडियो फीड तैयार करता है, जिसे दूसरे मीडिया संस्थान भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
CNN को पूल से हटाए जाने के बाद ABC, CBS, Fox News और NBC ने राष्ट्रपति के पूल-कवरेज को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया। नेटवर्कों ने कहा कि जनता को सरकार के बारे में स्वतंत्र और सटीक जानकारी मिलना महत्वपूर्ण है और किसी मीडिया संस्थान को उसकी रिपोर्टिंग के कारण कवरेज से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।

इसी बीच लॉन्च हुआ ‘Trump TV’
21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे ईस्टर्न टाइम पर व्हाइट हाउस ने “TRUMP TV: The Essentials Station” लॉन्च किया। इसे व्हाइट हाउस के आधिकारिक डिजिटल चैनलों के जरिए उपलब्ध कराया गया है। व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर भी इसके लिए आधिकारिक वीडियो पेज मौजूद है।
इसकी शुरुआत ट्रंप के पुराने Mount Rushmore भाषण के फुटेज से हुई। इसके बाद 2025 के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह समेत ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यक्रमों के वीडियो दिखाए गए।

व्हाइट हाउस के डिप्टी असिस्टेंट Kaelan Dorr ने इसे प्रशासन के “greatest hits” का अनफिल्टर्ड लाइवस्ट्रीम बताया। प्रशासन का कहना है कि कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों और घटनाओं को पारंपरिक मीडिया ने या तो सही तरीके से कवर नहीं किया या पर्याप्त कवरेज नहीं दी।
जानकारी के मुताबिक Trump TV CNN, Fox News या किसी दूसरे पारंपरिक न्यूज चैनल जैसा चैनल नहीं है।
इसमे न्यूज एंकर नहीं है। ना ही स्वतंत्र रिपोर्टिंग या इंटरव्यू आधारित न्यूज प्रोग्रामिंग है। ना ही लाइव राजनीतिक बहस की व्यवस्था है। बल्कि मुख्य रूप से व्हाइट हाउस द्वारा चुने गए भाषणों और वीडियो फुटेज का प्रसारण किया जा रहा है। साथ ही प्लेटफॉर्म का कंटेंट प्रशासन द्वारा नियंत्रित है।

दर्शकों की संख्या कितनी रही?
लॉन्च के शुरुआती दौर में लाइवस्ट्रीम को करीब 8,000 से ज्यादा दर्शक देख रहे थे। बाद में दर्शकों की संख्या में कमी आई।
समर्थक और आलोचक क्या कह रहे हैं?
ट्रंप प्रशासन का तर्क है कि राष्ट्रपति और सरकार को जनता से सीधे संवाद करने का अधिकार है और पारंपरिक मीडिया द्वारा की जाने वाली कवरेज पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है।
दूसरी ओर, आलोचक इसे सरकारी संदेश को सीधे जनता तक पहुंचाने वाला प्लेटफॉर्म मान रहे हैं
अदालत में पहुंचा मामला
CNN, MS NOW और Politico की याचिका पर मामला संघीय अदालत में पहुंच चुका है। मामला यह सवाल भी उठाता है कि सरकार किसी मीडिया संगठन की राष्ट्रपति तक पहुंच को किस सीमा तक प्रतिबंधित कर सकती है, खासकर तब जब प्रतिबंध का कारण उस संस्थान की संपादकीय रिपोर्टिंग से असहमति बताई जा रही हो।
इस मामले में अदालत का फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति और स्वतंत्र मीडिया के बीच संबंधों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। फिलहाल कानूनी विवाद जारी है और Trump TV अपनी डिजिटल स्ट्रीमिंग जारी रखे हुए है।

एशियाई खेल 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता भारत का पहला गोल्ड, श्रीलंका को 147 रन से हराया
निशिन: एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। हरमनप्रीत कौर…

आरक्षण का आधार सिर्फ जाति नहीं: सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में बार-बार आया यह सिद्धांत, फिर आज आरक्षण के बहस में क्यों कम होती है इस बात की चर्चा ?
1963 से 2024 तक सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में जाति को पिछड़ेपन का एक आधार माना गया, लेकिन अकेला आधार नहीं; संविधान…

















