लोहरदगा में खौफनाक वारदात: कुल्हाड़ी से पत्नी और पिता को काट डाला, 3 साल की मासूम जिंदगी और मौत के बीच झूल रही
प्रीतम / लोहरदगा
लोहरदगा: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सेंगरा टोली गांव में सोमवार की सुबह एक युवक ने रिश्तों का कत्ल करते हुए अपने ही पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना में आरोपी की तीन साल की मासूम बेटी भी बुरी तरह घायल हुई है, जिसे गंभीर हालत में रिम्स (रांची) रेफर किया गया है।
खूनी खेल के बाद खुद को किया कैद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी संदीप उरांव ने सुबह अचानक घर में कुल्हाड़ी से तांडव शुरू कर दिया। हमले में सुरेंद्र उरांव (पिता) और सुजाता उरांव (पत्नी) की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को घर के अंदर ही बंद कर लिया था। भंडरा थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।
बच्ची के लिए दुआ कर रहे ग्रामीण
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने खून से लथपथ मासूम रेयांशी कुमारी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रांची रेफर कर दिया है। सेंगरा टोली गांव में इस समय मातम पसरा है और ग्रामीण यह समझ नहीं पा रहे कि आखिर पारिवारिक विवाद या किसी और वजह ने संदीप को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर क्यों किया।
एसपी ….
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने दोहरे हत्याकांड की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर उस सुबह ऐसा क्या हुआ जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया।
इसे भी पढ़े : घाटशिला: दुष्कर्म के प्रयास में आरोपी गिरफ्तार, पंचायत स्तर पर मामला दबाने की हुई थी कोशिश

















