वैभव सूर्यवंशी होंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया सम्मानित करने का ऐलान

रांची: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव सूर्यवंशी को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्वास्थ्य मंत्री ने वैभव की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही हो, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों के खिलाफ जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज में वैभव ने बल्लेबाजी की है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “वैभव, तुमने केवल अपना नाम ही नहीं बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। मैं स्वयं क्रिकेट का खिलाड़ी रहा हूं और इतनी कम उम्र में ऐसा प्रदर्शन बेहद प्रेरणादायक है। जल्द ही तुम्हें झारखंड में सम्मानित किया जाएगा।”
मंत्री ने कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने कहा कि वैभव सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, झारखंड स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा। इसी उद्देश्य से उन्हें विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जा रहा है।
डॉ. अंसारी ने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और विश्व स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि वैभव की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेंगी।
















