State level workshop organized on World No Tobacco Day, call for making Jharkhand tobacco free

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित, तंबाकू मुक्त झारखंड बनाने का आह्वान

Share
Link copied
State level workshop organized on World No Tobacco Day, call for making Jharkhand tobacco free
State level workshop organized on World No Tobacco Day, call for making Jharkhand tobacco free

रांची : विश्व तंबाकू निषेध दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड द्वारा आईपीएच प्रेक्षागृह, नामकुम में राज्य स्तरीय कार्यशाला सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को सशक्त बनाना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा तंबाकू मुक्त झारखंड के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने “धुएं से आजादी” शीर्षक कविता के माध्यम से युवाओं को तंबाकू और अन्य नशों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में हर वर्ष 35 से 40 हजार कैंसर मरीजों की पहचान होती है, जिनमें 40 से 45 प्रतिशत मामले मुख कैंसर के होते हैं और इसका प्रमुख कारण तंबाकू सेवन है।

उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। इसके लिए “होल ऑफ गवर्नमेंट” और “होल ऑफ सोसाइटी” दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है, जिसमें स्वास्थ्यकर्मियों के साथ पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह, युवा संगठन, धार्मिक नेता और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

कार्यक्रम में बताया गया कि राज्यभर के 1680 विद्यालयों में तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। पुलिस, शिक्षा एवं अन्य विभागों के सहयोग से 282 प्रशिक्षण आयोजित किए गए। वहीं 2.08 लाख से अधिक लोगों की तंबाकू त्याग परामर्श (टीटीसी) काउंसलिंग तथा 43 हजार से अधिक लोगों को फार्माकोथेरेपी सेवाएं प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान तंबाकू से होने वाले मुख कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य पर नशे के प्रभाव, सामुदायिक स्तर पर नशामुक्ति अभियान तथा तंबाकू नियंत्रण से संबंधित तीन तकनीकी कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को प्रदर्शित किया गया।

अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्रतिभागियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। साथ ही मैत्री क्लिनिक, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और राष्ट्रीय तंबाकू त्याग हेल्पलाइन 1800-11-2356 के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, दंत चिकित्सा पदाधिकारी, आयुष चिकित्सक, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) तथा राज्य एवं जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।