Jeweller shop theft case in Sikidiri solved, four accused arrested within 48 hours

सिकिदिरी में ज्वेलर्स दुकान चोरीकांड का खुलासा, 48 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied
Jeweller shop theft case in Sikidiri solved, four accused arrested within 48 hours
Jeweller shop theft case in Sikidiri solved, four accused arrested within 48 hours

रांची: सिकिदिरी थाना क्षेत्र स्थित सोनी ज्वेलर्स में गैस कटर से ताला काटकर हुई चोरी की घटना का रांची पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को ढेलवाखुटा निवासी शशिकांत प्रसाद ने सिकिदिरी बस स्टैंड के समीप हुण्डरु फॉल मेन रोड स्थित अपनी दुकान सोनी ज्वेलर्स में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात अपराधियों ने गैस कटर मशीन से दुकान का ताला काटकर चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में सिकिदिरी थाना कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया था।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रांची के नेतृत्व में सिल्ली के डीएसपी मनीष चंद्र लाल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अरमान अंसारी, फरहान अंसारी, एजाज शाह और हसनैन अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए आभूषण, गैस कटर मशीन, गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले उन्होंने कई दिनों तक दुकान की रेकी की थी। 26 मई की रात पांचों आरोपी एक कार और मोटरसाइकिल से घटनास्थल पहुंचे। एक आरोपी को थाना के पास निगरानी के लिए तथा दो अन्य को दुकान के दोनों ओर नजर रखने के लिए तैनात किया गया। इसके बाद दो आरोपियों ने गैस कटर से ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया और आभूषण चोरी कर लिए।

घटना के बाद सभी आरोपी हुण्डरु और अनगड़ा होते हुए ईरबा लौट गए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए कुछ आभूषण सोने जैसे दिखते थे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वे असली सोने के नहीं थे, इसलिए उन्हें फेंक दिया गया। जबकि चांदी के आभूषणों और सिक्कों को आपस में बांट लिया गया तथा कुछ सामान बेचकर मिले पैसे बकरीद के खर्च में उपयोग कर लिए गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में चांदी जैसे आभूषण और धार्मिक प्रतीक बरामद किए हैं। इनमें बिछिया, ताबीज, पान का पत्ता, छिपकली, कछुआ, सांप तथा लक्ष्मी-गणेश अंकित सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, गैस सिलेंडर, गैस कटर मशीन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार पांचवें आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।