रामगढ़ और बोकारो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

रांची/बोकारो: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड प्रवास के दूसरे दिन रांची से बोकारो जाने के दौरान रामगढ़ और बोकारो जिले के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा, जयघोष और अभिनंदन कार्यक्रमों के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रामगढ़ जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निर्मल महतो चौक और मांडू के छतरपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया।
इसके बाद गोला और चितरपुर सहित बोकारो जिले के पेटरवार, जैनामोड़ और नया मोड़ में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बोकारो प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने छत्रु राम महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। स्वागत स्थलों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया, जिससे संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, विधायक रौशन लाल चौधरी, पूर्व विधायक बिरंची नारायण सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















