सिमडेगा में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, होटल से नाबालिग का रेस्क्यू; संचालक पर केस दर्ज

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमडेगा पुलिस और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक होटल से नाबालिग बाल मजदूर को मुक्त कराया है। मामले में होटल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार श्रम अधीक्षक के नेतृत्व में ठेठईटांगर थाना पुलिस ने बस स्टैंड चौक स्थित प्रीति होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में कार्यरत एक नाबालिग बालक को रेस्क्यू किया गया। इसके बाद बालक और होटल संचालक को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
पुलिस ने इस मामले में ठेठईटांगर थाना कांड संख्या 25/2026 दर्ज किया है। होटल संचालक के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (जेजे) एक्ट की धारा 79 तथा बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रेस्क्यू किए गए बालक को उसके अधिकारों की सुरक्षा, काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), सिमडेगा के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। संबंधित विभागों द्वारा उसके पुनर्वास और कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रम कराया जाता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों और संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन की सख्त मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है।















