धुर्वा के तीन बच्चों की गुमशुदगी पर भाजपा का प्रदर्शन का ऐलान, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

रांची: धुर्वा एवं जगन्नाथपुर क्षेत्र से लापता तीन बच्चों—करण, अर्जुन और शिवा—की गुमशुदगी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Aditya Sahu ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली और बच्चों की शीघ्र बरामदगी की मांग की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!परिजनों से मुलाकात के बाद आदित्य साहू ने कहा कि परिवार द्वारा बताई गई घटनाओं और थाने में दर्ज एफआईआर के विवरण में गंभीर विरोधाभास दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार शिक्षित नहीं है और पुलिस ने अपने बचाव में मनमाने तरीके से प्राथमिकी दर्ज की है, जिससे पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से तीनों बच्चों की अविलंब सकुशल बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा व्यापक जनआंदोलन करेगी।
13 जून को मशाल जुलूस
भाजपा ने बच्चों की बरामदगी और पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में 13 जून की शाम 6 बजे मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की है। आदित्य साहू ने धुर्वा मंडल, भाजपा रांची महानगर के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी बच्चों का पता नहीं चलता है तो पार्टी आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तय करेगी।
अदिति मामले का भी उठाया मुद्दा
आदित्य साहू ने रांची के कोकर क्षेत्र से लापता 18 माह की मासूम बच्ची अदिति का जिक्र करते हुए कहा कि आज तक पुलिस उसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं जुटा सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
बढ़ती गुमशुदगी की घटनाओं पर चिंता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में बच्चों के लापता होने और अपहरण की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को भी समान अधिकार प्राप्त हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार व प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने दावा किया कि धुर्वा क्षेत्र के बच्चों के लापता होने के करीब 12 दिन बाद भी पुलिस कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर सकी है। पीड़ित परिवारों के अनुसार पुलिस अब तक केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है और प्रभावी खोजबीन नहीं की गई है। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें Deepak Prakash समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
















