भाजपा ने आगामी कार्यक्रमों की बनाई रणनीति, योग दिवस से लेकर बलिदान दिवस तक होंगे आयोजन

रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीते एक माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के उद्देश्य से मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित मासिक बैठकों की श्रृंखला शुरू की गई है। इसी क्रम में प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किसान मोर्चा द्वारा सभी जिलों में जैविक खेती विषयक संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 25 जून को आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र पर हुए प्रहार को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड प्रवास, हाल में संपन्न प्रशिक्षण वर्ग तथा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर चल रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। साथ ही आगामी एक माह के संगठनात्मक अभियानों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह संगठनात्मक बैठक थी, जिसका उद्देश्य पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संगठन के जिम्मेदार कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















