धनबाद: संपत्ति के लालच में बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, गला रेतकर की निर्मम हत्या
धनबाद: महुदा थाना क्षेत्र के भुरुंगिया बस्ती में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां संपत्ति के लालच में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान स्थानीय व्यवसायी हलीम शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
एसडीपीओ (बाघमारा) अजीत कुमार विमल ने प्रेस वार्ता में बताया कि हलीम शेख और उनके मंझले बेटे मो. इश्तियाक के बीच पिछले कुछ दिनों से जमीन और पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण इश्तियाक ने अपने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
वारदात को दिया अंजाम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इश्तियाक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। शनिवार की दोपहर, आरोपी के दोस्त शहबाज ने हलीम शेख को ‘बक्सा बनवाने’ का बहाना बनाकर बाइक पर बैठाया और कुलटांड़ मार्ग की ओर ले गया। रास्ते में दूसरे साथी को भी शामिल किया गया।
सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद, आरोपी बेटे इश्तियाक ने अपने साथियों की मदद से पिता के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में रुमाल ठूंस दिया। इसके बाद इश्तियाक ने चाकू से पिता के सीने पर वार किया और फिर गला रेतकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
12 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता
रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने झाड़ी में शव देखा और महुदा पुलिस को सूचना दी। मृतक की जेब से मिले मोबाइल और आधार कार्ड के जरिए तत्काल पहचान हो गई। एसएसपी के निर्देश पर बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मो. इश्तियाक और उसका एक अन्य साथी अभी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Also Read :

















